"विजयी विश्व तिरंगा प्यारा" पर हुई शिवराज मामा की पाठशाला

 

मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि "विजयी विश्व तिरंगा प्यारा, झंडा ऊँचा रहे हमारा, इसकी शान न जाने पाए, चाहे जान भले ही जाए" यह केवल गीत नहीं आजादी की लड़ाई का मंत्र था। भारत सांस्कृतिक रूप से सदा से ही एक रहा है। हमारे देश का गौरवशाली इतिहास रहा। भारत की समृद्धि की चर्चा पूरी दुनिया में होती थी। इसी के परिणामस्वरूप पुर्तगाली, डच, अंग्रेज आदि कई विदेशी शक्तियाँ भारत आईं और हमें आपसी फूट के कारण गुलाम होना पड़ा। अंग्रेजों के विरूद्ध भारत में वर्ष 1761 में संयासी विद्रोह और फकीर विद्रोह से संघर्ष आरंभ हुआ। पहला स्वतंत्रता संग्राम 1857 में अमर शहीद मंगल पांडे ने आरंभ किया। स्वतंत्रता के लिए चले लंबे संघर्ष में अनेकों शहीदों के बलिदान के परिणामस्वरूप हमारा देश स्वतंत्र हुआ। स्वतंत्रता की इस लड़ाई में हमारे ध्वज का बहुत महत्व रहा।

मुख्यमंत्री श्री चौहान भोपाल के मॉडल स्कूल में "शिवराज मामा की पाठशाला" को संबोधित कर रहे थे। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कक्षा में उपस्थित विद्यार्थियों को "हर घर तिरंगा" अभियान, स्वतंत्रता संग्राम, राष्ट्रीय ध्वज की विकास गाथा और तिरंगा फहराने के नियमों की जानकारी दी। माध्यमिक शिक्षा मंडल की अध्यक्ष श्रीमती वीरा राणा, प्रमुख सचिव स्कूल शिक्षा श्रीमती रश्मि अरूण शमी, आयुक्त लोक शिक्षण श्री अभय वर्मा, संचालक राज्य शिक्षा केंद्र श्री धनराजू एस उपस्थित थे। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने दीप प्रज्ज्‍वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने मॉडल स्कूल भोपाल द्वारा "हर घर तिरंगा" अभियान के लिए विकसित लीफलेट का विमोचन भी किया।

मुख्यमंत्री श्री चौहान ने विद्यार्थियों से कहा कि अब देश के लिए मरने की नहीं, जीने की जरूरत है। देश के प्रति समर्पण के साथ पर्यावरण-संरक्षण और समाज-कल्याण की गतिविधियों के साथ जुड़ने के लिए मुख्यमंत्री श्री चौहान ने विद्यार्थियों को प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश में खेल के लोकव्यापीकरण के लिए राज्य सरकार हर संभव प्रयास कर रही है।

मुख्यमंत्री श्री चौहान ने स्वतंत्रता संग्राम की संक्षिप्त जानकारी देते हुए महात्मा गांधी, बालगंगाधर तिलक, शहीदे आजम भगत सिंह, वीर सावरकर, चाफेकर बंधु, चंद्रशेखर आजाद, पंडित रामप्रसाद बिस्मिल, नेता जी सुभाष चंद्र बोस के योगदान और जलिया वाला बाग सहित सविनय अवज्ञा आन्दोलन आदि पर प्रकाश डाला।