मध्यप्रदेश में "हर घर तिरंगा" अभियान से जुड़ें सभी नागरिक : मुख्यमंत्री श्री चौहान

मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि आजादी के अमृत महोत्सव में हम वीर स्वतंत्रता सेनानियों को याद कर रहे हैं, जिन्होंने रक्त की अंतिम बूँद देकर आजादी दिलवाई। मध्यप्रदेश में “हर घर तिरंगा” अभियान उमंग, उत्साह और जोर-शोर से क्रियान्वित होगा। अभियान में सभी नागरिकों को जुड़ना है। अभियान के लिए जन-जागरण के उद्देश्य से 4 अगस्त को मैं स्वयं तिरंगा खरीदने गया था। इस क्रम में आज भोपाल की बड़ी झील(भोजताल) में क्रूज में तिरंगा फहराकर आमजन से 13 से 15 अगस्त तक हर प्रतिष्ठान और घर में तिरंगा फहराने का आहवान कर रहा हूँ। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि तिरंगा, देश की आन, बान और शान है।

मुख्यमंत्री श्री चौहान आज शाम भोपाल के भोजताल में क्रूज की यात्रा करते हुए कमला पार्क, शीतल दास की बगिया, राजाभोज प्रतिमा के निकट वीआईपी मार्ग पर एकत्र नागरिकों और विद्यार्थियों को संबोधित कर रहे थे। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने राष्ट्र-भक्ति गीतों की प्रस्तुति के साथ बारिश की परवाह न करते हुए संबोधन दिया। गायिका आकृति मेहरा, पुलिस बैंड दल और नागरिकों ने राष्ट्र-भक्ति के गीतों को स्वर दिया।