कार डिवाइडर से टकरा कर गुलाटी खाते हुए पलट गयी, दोनों युवक सुरक्षित

शिवपुरी. हमने फिल्मों में कार को पलटते तो कई बार देखा है। लेकिन हकीकत में फिल्मी अन्दाज में कार को पलटते हुए बहुत कम देखा है। ऐसी ही एक घटना शिवपुरी में घटी हैं। जहां सोमवार की रात एक कार अनियंत्रित होकर फिल्मी अंदाज में गुलाटी खाते हुए पलट गयी। शुक्र है कि हादसे में किसी का अधिक गंभीर चाटें नहीं आई । कार में बैठे दोनों युवकों को मेडीकल कॉलेज में उपचार हेतु भर्ती कराया गया है।
क्या है मामला
आपको बता दें कि लक्जरी कार में सवार होकर शिवपुरी के रहने वाले 2 युवक मुकेश और अंकित सोमवार की रात ग्वालियर से शिवपुरी की ओर आ रहे थे। इसी दौरान जब उनकी कार शिवपुरी के मेडिकल कॉलेज के पास पहुंची तो वहां कार अनियंत्रित होकर पहले डिवाइडर पर चढ़ी फिर खंबे से टकराने के बाद कई गुलाटी खाते हुए पलट गई। कार की खंबे से भिड़ने की आवाज सुन आसपास के रहने वाले लोग मौके पर पहुंचे और कार में सवार मुकेश और अंकित को बाहर निकाल कर तत्काल मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया। कुछ प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि कार चालक कार को तेज रफ्तार में चला रहा था जिससे कार का संतुलन बिगड़ गया और कार डिवाइडर सहित खंबे में टकराने के बाद पलट गई।
टीआई सिटी कोतवाली सुनील खेमरिया ने बताया है कि घटना में कार सवार दोनों युवकों में से एक युवक मुकेश के सिर में चोट आयी है। दूसरा कार सवार अंकित सुरक्षित है कार कौन चला रहा था यह अभी स्पष्ट नहीं है जांच की जा रही है।