मध्यप्रदेश में शिवराज युग खत्म, कमलनाथ युग की शुरूआत

मध्यप्रदेश में कांग्रेस की सत्ता का वनवास आखिरकार खत्म हो गया, लेकिन इसके लिए कांग्रेस को 15 साल तक इंतजार करना पड़ा. हालांकि, इसके पहले कांग्रेस ने मध्यप्रदेश में कमल को नाथ बनाया था और अब कमलनाथ को एमपी का नाथ बना दिया है और उनका नया ठिकाना होगा राजधानी भोपाल के श्यामला हिल्स पर बना मुख्यमंत्री निवास.
छिंदवाड़ा से 9 बार लोकसभा चुनाव जीतने वाले कमलनाथ पहली बार मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे. कांग्रेस विधायक दल की बैठक में ज्योतिरादित्य सिंधिया ने सीएम पद के लिये उनके नाम का प्रस्ताव रखा. जिस पर दिग्विजय सिंह सहित कांग्रेस के तमाम दिग्गजों ने सहमति जता दी. यही वजह है कि सूबे में शिव'राज' खत्म होने के बाद कमलनाथ युग की शुरुआत होने जा रही है.
मुख्यमंत्री पद तक पहुंचने वाले महाकौशल के इस सियासी योद्धा की राह इतनी आसान नहीं थी. ऐसे में प्रदेश अध्यक्ष के बाद राहुल ने उन्हें एक और नयी जिम्मेदारी सौंपी है. हालांकि, जिम्मेदारी की इस कसौटी पर कमलनाथ को खरा उतरना पड़ेगा क्योंकि इसी कसौटी पर सूबे में कांग्रेस का भविष्य भी कसा जायेगा.