कोरोना केसों की सुपरफास्ट स्पीड ने बढ़ाई चिंता
देश में कोरोना केसों में 11 हफ्तों की लगातार गिरावट के बाद पिछले दो हफ्तों से मरीजों की संख्या फिर से बढ़ती जा रही है. पिछले तीन दिनों से तो लगातार 2500 से ज्यादा केस दर्ज हो रहे हैं. 18 से 24 अप्रैल के बीच ही 15,700 से ज्यादा नए मरीज मिल चुके हैं. पिछले हफ्ते से इसमें 95 फीसदी का इजाफा देखा गया है. कोविड केसों में बढ़ोतरी अब 12 से ज्यादा राज्यों में देखी जा रही है, जो पिछले हफ्ते तक सिर्फ 3 राज्यों में थी. इसके बाद कई राज्यों ने फिर से पाबंदियां लगानी शुरू कर दी हैं. हालात की गंभीरता को देखते हुए बुधवार को पीएम नरेंद्र मोदी सभी मुख्यमंत्रियों और स्वास्थ्य मंत्रियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए बैठक भी करने वाले हैं.
पिछले हफ्ते तक दिल्ली, हरियाणा और यूपी में ही केस बढ़ते दिख रहे थे लेकिन अब केरल, महाराष्ट्र, कर्नाटक, तमिलनाडु, बंगाल, राजस्थान और पंजाब ने भी चिंताएं बढ़ा दी हैं. 12 राज्यों के अलावा 8 राज्य या केंद्र शासित प्रदेश ऐसे हैं, जहां केस लगातार बढ़ तो रहे हैं, लेकिन अभी भी हफ्ते में 100 से नीचे हैं. महाराष्ट्र में पिछले हफ्ते से 48 फीसदी केस बढ़े हैं. कर्नाटक में 71 प्रतिशत, तमिलनाडु में 62 प्रतिशत, बंगाल में 66 प्रतिशत और तेलंगाना में 24 फीसदी का उछाल आ चुका है. उत्तर भारत की बात करें तो राजस्थान में एक हफ्ते के अंदर 57 फीसदी केस बढ़े हैं. पंजाब में पिछले सप्ताह के 56 से अब तक तीन गुना मरीज हो चुके हैं.