गरीब केवल अभाव में रहने के लिए पैदा नहीं हुआ, उसे भी अच्छा जीवन जीने का है अधिकार : मुख्यमंत्री श्री चौहान

मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि प्रदेश के हर गरीब को मकान मालिक बनाने का अभियान जारी है। राज्य सरकार का संकल्प है कि हर गरीब के चेहरे पर सुकून हो और उसके बच्चों के चहरों पर मुस्कान हो। वास्तव में यही सामाजिक न्याय है। गरीब केवल गरीब रहने के लिए पैदा नहीं हुआ है। उसे भी अच्छा जीवन जीने का अधिकार है। गरीब की जिंदगी बदलना हमारा लक्ष्य है। बाबा साहेब अम्बेडकर स्वतंत्रता, समानता और सबको आगे बढ़ने के अवसर उपलब्ध कराने के लिए समर्पित थे। अंतिम पंक्ति के अंतिम व्यक्ति के लिए सामाजिक, आर्थिक समानता और न्याय का सपना यदि किसी ने साकार किया है, तो वह केवल बाबा साहेब भीमराव अम्बेडकर ने किया। राज्य सरकार बाबा साहेब के सामाजिक समरसता और सामाजिक न्याय के सपने को साकार करने में कोई कसर नहीं छोड़ेगी।

मुख्यमंत्री श्री चौहान, भारत रत्न, बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर की 131वीं जयंती पर मोतीलाल नेहरू स्टेडियम भोपाल में आयोजित राज्य स्तरीय समारोह को संबोधित कर रहे थे। कार्यक्रम की अध्यक्षता जनजातीय कार्य एवं अनुसूचित जाति कल्याण मंत्री सुश्री मीना सिंह ने की। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कार्यक्रम का दीप जलाकर शुभारंभ किया। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने डॉ. अंबेडकर के चित्र पर माल्यार्पण भी किया।

मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि बाबा साहेब अम्बेडकर कहते थे कि मनुष्य का जीवन लंबा होने के बजाए महान होना चाहिए। वे अद्भुत प्रतिभा के धनी थे। भारत में दलितों, पीड़ितों, शोषितों और उपेक्षितों के आर्थिक और सामाजिक सशक्तिकरण के वे सबसे प्रबल पुँज थे। बाबा साहेब अम्बेडकर ने ही भारत के करोड़ों नागरिकों को वोट देकर सरकार चुनने और विविधता होते हुए भी एकता और समानता का अधिकार दिलाया। बाबा साहेब के विचारों के परिणामस्वरूप ही देश के नागरिकों को अभिव्यक्ति, विश्वास, धर्म और उपासना की स्वतंत्रता का अधिकार मिला।

मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी की पहल पर देश में बाबा साहेब अम्बेडकर को समर्पित पंचतीर्थ की स्थापना हुई। मुख्यमंत्री तीर्थ-दर्शन योजना में पंचतीर्थ को सम्मिलित किया जाएगा, जिससे बाबा साहेब के अनुयायी सुविधाजनक उनसे सम्बंधित स्थलों का दर्शन कर सकें। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि बाबा साहेब ने शिक्षित बनने के लिए प्रेरित किया। उनके दिखाए मार्ग के अनुसार अनुसूचित जाति वर्ग के विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा और प्रतियोगिता परीक्षाओं के लिए राज्य सरकार हर संभव सहायता उपलब्ध करा रही है। प्रदेश में अजा वर्ग के छात्रावासों के लिए पर्याप्त बजट का प्रावधान किया गया है। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि शासकीय सेवा में भर्ती के साथ रोजगार के अन्य अवसर उपलब्ध कराने के लिए भी विभिन्न योजनाएँ संचालित हैं। प्रदेश में प्रतिमाह एक दिन रोजगार दिवस के रूप में मनाया जा रहा है, जिसमें लाखों युवाओं को रोजगार मिल रहा है। प्रतिमाह रोजगार दिवस मानाने का यह क्रम जारी रहेगा।