ग्वालियर हाईवे पर दर्दनाक हादसा, 3 की मौत
ग्वालियर के पास डबरा में देर रात एक दर्दनाक हादसा हुआ है। लिफ्ट लेकर ट्रक में बैठे तीन युवकों की मौत हो गई है। ट्रक चालक नशे में धुत था और उसने 80 किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से दौड़ रहे ट्रक में अचानक ऐसा ब्रेक लगाया कि ट्रक में भरीं लोहे की शीट्स खिसकीं और सवारी बनकर बैठे तीन युवकों की गर्दन में घुस गई। एक युवक घायल हुआ है। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला। सभी मृतक गुलदस्ते बेचने का काम करते थे। वह सैंया आगरा से ट्रक में सवार होकर सिवनी जा रहे थे पर उन्हें नहीं पता था कि रास्ते में यह हादसा उनकी राह देख रहा है।
रफ्तार में अचानक लगा दिए ब्रेक, हो गया हादसा
घटना के चश्मदीद कन्हैयालाल ने बताया कि देर रात डबरा में हाईवे पर ट्रक दौड़ रहा था, जैसे ही हाइवे स्थित रंगे पंजाब ढाबा के पास से ट्रक निकला तो 80 किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार में था। ट्रक चला रहे कुंअरपाल ने ट्रक में एकदम से ब्रेक लगा दिया। जिससे लोहे की शीट्स सरकीं और इसकी चपेट में चंदन सिंह, सोनपाल और टिंकू उर्फ पिंकू कुशवाह आ गए। तीनों को सोचने या समझने तक का मौका नहीं मिला और गर्दन कट गई। कुछ दूरी पर बैठा करतार सिंह बच गया पर इसे पैर में चोट आई।
क्रेन की मदद से निकलवाए शव
घटना की सूचना मिलते ही डबरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला। सबसे पहले पुलिस ने क्रेन की मदद से लोहे की शीट्स को हटवाया, जिसमें तीन लोगों की मौत हो चुकी थी। पुलिस ने शवों को निगरानी में लिया और घायलों को अस्पताल पहुंचाया है। पुलिस ने ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्जकर लिया है। चश्मदीद ने चालक के नशे में होने की बात कही है। पुलिस उसका एल्कोहल टेस्ट भी करा रही है।