Kannauj IT Raid: आयकर विभाग को मिल गया 'खजाना'? कन्नौज में इस बड़े इत्र कारोबारी के घर पहुंची नोट गिनने की मशीन
कन्नौज: पीयूष जैन (Piyush Jain News) के घर से करोड़ों के कैश मिलने के बाद आयकर विभाग की टीम को कन्नौज (Kannauj IT Raid) में ही एक अन्य इत्र कारोबारी के घर से खजाना मिल सकता है. कन्नौज में इत्र कारोबारी मोहम्मद याकूब मलिक (Yaqub Malik) के घर पर आयकर विभाग (IT Raid) की टीम छापेमारी कर रही है और फिलहाल 4 सदस्य के साथ टीम कैश गिनने की मशीन लेकर मलिक मियां के आवास पर पहुंची है. यहां बताना जरूरी है कि मलिक मियां का देहांत तीन साल पहले हो गया है और अब उनका सारा कारोबार बेटा मोहम्मद याकूब मलिक संभालते हैं.
इधर, आयकर विभाग की टीम ने 2 गाड़ियों से मोहम्मद याकूब मलिक के भाई मोहसिन के घर लखनऊ भी पहुंची थी. इत्र व्यापारी मोहमद याकूब मलिक के भाई मोहसिन के घर पर पहुंची इनकम टैक्स की टीम को देख आस-पास हड़कंप मच गया. इनकम टैक्स की टीमों ने इत्र कारोबारी मोहम्मद याकूब मलिक के छोटे भाई मोहम्मद मोहसिन मलिक के घर पर छापेमारी की. मोहसिन मलिक लखनऊ के हजरतगंज प्राग नारायण रोड पर रहते हैं.
कन्नौज में आयकर विभाग की टीम को कैश गिनने की मशीन मोहम्मद याकूब के घर पर ले जाते हुए देखा गया है. माना जा रहा है कि याकूब के घर से आयकर विभाग ने पैसों की बरामदगी की है. फिलहाल नोटों की गिनती पूरी होने के बाद ही पता चल पाएगा कि आखिर याकूब के घर से आयकर विभाग को कितना खजाना हाथ लगता है. फिलहाल, याकूब के घर नोट गिनने की अभी एक ही मशीन गई है. एचडीएफसी बैंक से मलिक मियां के आवास पर नोट गिनने की मशीन पहुंचाई गई है. अब देखने वाली बात होगी कि मोहम्मद याकूब के घर से आयकर विभाग को क्या-क्या मिलता है.
बता दें कि याकूब मलिक के छोटे भाई हैं मोहम्मद मोहसिन. मलिक इत्र का मुख्य कारोबार मोहम्मद मलिक के दोनों बेटे देखते हैं. बड़ा बेटा मुंबई में कारोबार देखता है और छोटा बेटा फैजान कन्नौज में इत्र के कारोबार की देखभाल करता है. फैजान के ससुराली भी कानपुर में इत्र के कारोबार से जुड़े बताए जा रहे हैं.
इधर, समाजवादी पार्टी के एमएलसी और इत्र कारोबारी पुष्पराज जैन उर्फ पंपी जैन के कन्नौज स्थित घर से लेकर अलग-अलग ठिकानों पर कल से ही आयकर विभाग की छापेमारी जारी है. इत्र कारोबारी पीयूष जैन पर शिकंजा कसने के बाद अब आयकर विभाग की टीम ने पुष्पराज जैन पर एक्शन लिया है. आईटी विभाग की यह छापेमारी कन्नौज, कानपुर, नोएडा, हाथरस से लेकर मुंबई तक जारी है.