केंद्रीय मंत्री प्रतिमा भौमिक बोलीं- कांग्रेस में पारिवारिक कलह, प्रियंका गांधी ने अब बनाई थोड़ी जगह!

आगरा. उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव (UP Assembly Elections) से पहले केंद्र सरकार की मंत्री प्रतिमा भौमिक (Union Minister Pratima Bhowmik) ने आगरा (Agra) में पहुंच कर विपक्ष पर बड़ा हमला किया है. केंद्रीय मंत्री प्रतिमा भौमिक ने कहा कि कांग्रेस में पारिवारिक कलह है. प्रियंका गांधी अपने परिवार से लड़कर अब थोड़ी सी जगह बना पाई हैं. यूपी में समाजवादी पार्टी सिर्फ परिवार वादी पार्टी बनकर रह गई है. जबकि बहुजन समाज पार्टी व्यक्ति विशेष की पार्टी है. केंद्रीय मंत्री ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी में महिला सशक्तिकरण को धरातल पर उतारा है. केंद्र की मोदी सरकार एवं उत्तर प्रदेश की योगी सरकार लगातार विकास कर रही है.

इसकी वजह से उत्तर प्रदेश में लंबे अंतराल के बाद अब विकास आम आदमी तक पहुंच रहा है. केंद्रीय मंत्री ने कहा कि पूर्वांचल एक्सप्रेसवे बनाकर की सरकार ने जो काम किया है वह अपने मिसाल है. केंद्रीय राज्यमंत्री भौमिक खंदारी स्थित जेपी सभागार में आयोजित महिला मोर्चे के कार्यक्रम को संबोधित करने पहुंची थी. केंद्रीय मंत्री के साथ उत्तर प्रदेश महिला मोर्चा की अध्यक्ष सांसद गीता शाक्य, महिला मोर्चा की प्रदेश मंत्री अंजुला माहौर और बबीता चौहान भी मौजूद रहे.

महिला मोर्चा के प्रबुद्ध सम्मेलन में आई उत्तर प्रदेश बीजेपी महिला मोर्चा की अध्यक्ष सांसद गीता शाक्य ने कहा कि देश की महिलाएं वास्तविक रूप से पीएम के पद पर नरेंद्र मोदी जी के आसीन होने के बाद आजादी महसूस कर रही है. इसके पहले महिलाएं घर से बाहर निकालने के बाद असुरक्षित महसूस करती थी. पीएम मोदी और सीएम योगी सरकार के कार्यकाल के दौरान महिलाओं को सुरक्षा का एहसास हुआ. कंगना राणावत के बयान पर गीता शाक्य ने कहा कि वह कंगना का निजी बयान है. लेकिन इस बात से इंकार नहीं किया जा सकता कि अपराध कम हुआ है. अपराधी जेल में है और आम आदमी को सुरक्षा का एहसास हो रहा है.