मप्र में कोरोना के सभी प्रतिबंध हटे, 100 प्रतिशत कैपेसिटी के साथ खुलेंगे मॉल, स्विमिंग पूल, जिम और योग केंद्र
भोपाल. मध्यप्रदेश सरकार ने राज्य में कोरोना महामारी से जुड़े सभी प्रतिबंध पूरी तरह हटाने का निर्णय लिया है। नए नियम बुधवार रात 12 बजे से लागू हो जाएंगे। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि राज्य में कोरोना के हालात नियंत्रण में हैं। मध्यप्रदेश में अब 78 एक्टिव केस बचे हैं इसलिए हमने राज्य में लगाए गए सभी कोरोना प्रतिबंध हटाने का निर्णय लिया है।
मेले, समारोह, शादी व अंतिम संस्कार बिना किसी प्रतिबंध होंगे
उन्होंने आगे कहा कि सभी सामाजिक, राजनीतिक, खेल, मनोरंजन, सांस्कृतिक और धार्मिक सभाओं को पूरी क्षमता के साथ खोलने की अनुमति होगी। राज्य में मेले, समारोह, शादी और अंतिम संस्कार अब बिना किसी प्रतिबंध के हो सकेंगे। नाइट कर्फ्यू भी आज रात से हटा लिया जाएगा। सिनेमा हॉल, मॉल, स्विमिंग पूल, जिम, योग केंद्र, रेस्टोरेंट, क्लब, स्कूल, कॉलेज, हॉस्टल, कोचिंग क्लासेज 100 प्रतिशत क्षमता के साथ खोले जा सकेंगे।
वैक्सीनेशन और कोविड नियमों का पालन जरूरी
मुख्यमंत्री ने कहा कि सभी गतिविधियों को कोविड नियमों का पालन करते हुए आयोजित किया जाना चाहिए। मास्क और सोशल डिस्टेंसिंग आगे भी अनिवार्य होगा। सभी दुकान मालिकों, छात्रावास के 18 साल से ज्यादा उम्र के छात्रों, शिक्षकों और सिनेमा हॉल के कर्मचारियों को पूरी तरह से वैक्सीनेशन करवाना होगा।