वाइस एडमिरल आर हरि कुमार नौसेना प्रमुख बनाए गए, शीलवर्धन सिंह सीआईएसएफ व अतुल करवाल को एनडीआरएफ की कमान
नई दिल्ली. केंद्र सरकार ने वाइस एडमिरल आर हरि कुमार को अगला नौसेना प्रमुख नियुक्त किया है। वे वर्तमान चीफ एडमिरल करमबीर सिंह की जगह लेंगे जो 30 नवंबर को रिटायर हो रहे हैं। हरि कुमार वर्तमान में पश्चिमी नौसेना कमान के फ्लैग ऑफिसर कमांडिंग-इन-चीफ हैं। इसके साथ ही सरकार ने दो अन्य नियुक्तियां भी की हैं। वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी शीलवर्धन सिंह को सीआईएसएफ और अतुल करवाल को एनडीआरएफ का प्रमुख नियुक्त किया गया है। बिहार कैडर के 1986 बैच के भारतीय पुलिस सेवा के अधिकारी सिंह वर्तमान में इंटेलिजेंस ब्यूरो में विशेष निदेशक हैं। उनका कार्यकाल अगस्त 2023 तक होगा।
गुजरात कैडर के 1988 बैच के आईपीएस अधिकारी करवाल को दो साल की अवधि के लिए पद को अस्थायी रूप से डीजी के स्तर पर अपग्रेड करके एनडीआरएफ का महानिदेशक नियुक्त किया गया है। वह वर्तमान में सरदार वल्लभभाई पटेल राष्ट्रीय पुलिस अकादमी, हैदराबाद में निदेशक के रूप में कार्यरत हैं।