500 अरब डॉलर के करीब पहुंची जेफ बेजोस और एलन मस्क की संयुक्त नेटवर्थ, जानिए डिटेल

नई दिल्ली. अमेरिकी अरबपति कारोबारी और इलेक्ट्र‍िक कार कंपनी टेस्ला के सीईओ एलन मस्क (Elon Musk) और दुनिया की सबसे बड़ी ई-कॉमर्स कंपनी अमेजन के फाउंडर और दुनिया के दूसरे सबसे बड़े अरबपति जेफ बेजोस (Jeff Bezos) की संयुक्त नेटवर्थ 500 अरब डॉलर के करीब पहुंच गई है. टेस्ला (Tesla) के शेयर में लगातार तेजी आने से पिछले कुछ दिनों में मस्क की वेल्थ में भारी इजाफा हुआ है.

टेक कंपनियों के स्टॉक्स में उछाल से नैस्डैक ने बुधवार को इंट्राडे में रिकॉर्ड बनाया. बेजोस और मस्क की संयुक्त नेटवर्थ अब टॉप फार्मास्युटिकल कंपनियों में शामिल जॉनसन एंड जॉनसन से कुछ अधिक और अमेरिका के सबसे बड़े बैंक जेपी मॉर्गन चेज (JP Morgan Chase) के लगभग बराबर हो गई है.

अमेरिका में बिलियनेयर्स पर टैक्स बढ़ाने का प्रपोजल पेश

अमेरिका में बिलियनेयर्स पर टैक्स बढ़ाने का एक प्रपोजल भी सीनेट में पेश किया गया है. इसे लाने वाले फाइनेंस कमेटी के चेयरमैन रॉन वायडेन ने कहा कि बिलियनेयर्स पर सबसे अधिक इनकम टैक्स रेट के अलावा 3 फीसदी सरचार्ज लगाया जा सकता है.

196 अरब डॉलर से कुछ अधिक है बेजोस की नेटवर्थ

यह प्रपोजल लागू होने पर बेजोस और मस्क को लगभग 100 अरब डॉलर का टैक्स पांच वर्षों में चुकाना पड़ सकता है. इस वर्ष मस्क की वेल्थ में 122 अरब डॉलर से अधिक की वृद्धि हुई है. इससे उनकी नेटवर्थ 292 अरब डॉलर हो गई है. बेजोस की नेटवर्थ 196 अरब डॉलर से कुछ अधिक है.