जब इजराइल में विदेश मंत्री के लिए यहूदी लड़की ने गाया कुछ-कुछ होता है

यरूशलम. भारत के विदेश मंत्री एस. जयशंकर (S.Jaishankar) इजराइल की पांच दिनों की यात्रा पर हैं. जयशंकर और उनका डेलिगेशन सोमवार को उस समय सरप्राइज रह गया, जब इजराइल केसेंटर फॉर पर्सन्स विद डिसएबिलिटीज के एक कार्यक्रम में उनके सामने बॉलीवुड के गाने (Bollywood Songs) पेश किए गए.

मेनाशे समुदाय की एक दृष्टिबाधित भारतीय यहूदी लड़की दीना समते ने विदेश मंत्री जयशंकर और उनके डेलिगेशन का स्वागत किया. इसी लड़की ने शाहरूख खान की फिल्म ‘कल हो न हो’ और ‘कुछ-कुछ होता है’ के हिट गाने गए.यहूदी लड़की दीना समते शाल्वा के बैंड का हिस्सा थीं. गाना खत्म होने के बाद विदेश मंत्री जयशंकर ताली बजाते हुए नजर आए.

इजराइल के वैकल्पिक प्रधानमंत्री और विदेश मंत्री याइर लापिद ने शालवा सेंटर में जयशंकर के सम्मान में लंच पार्टी दी.

युवाओं से करेंगे बातचीत

शालवा सेंटर शारीरिक रूप से अशक्त लोगों की देखभाल करता है और उन्हें सामाजिक समावेश के अवसर मुहैया कराता है. दीना 2007 में मणिपुर से आकर इजराइल में बस गई थीं और उन्हें कुछ साल पहले इजराइल के आधिकारिक स्वतंत्रता दिवस समारोह में मशाल जलाने के लिए चुना गया था. जयशंकर इजराइल संग्रहालय का भी दौरा करेंगे. इसके अलावा वह कोचिनी यहूदी समुदाय के कुछ युवा सदस्यों के साथ बातचीत भी करेंगे.

होलोकॉस्ट पीड़ितों की दी श्रद्धांजलि

जयशंकर कुछ ‘थिंक टैंक’ के साथ भी संवाद करेंगे. सोमवार को उन्होंने इजरायल के याद वाशेम में होलोकॉस्ट के पीड़ितों को श्रद्धांजलि दी. उन्होंने कहा कि होलोकॉस्ट स्मारक बुराई का सामना करने के हमारे संकल्प को मजबूत करता है. विदेश मंत्री एस जयशंकर रविवार को 5 दिवसीय यात्रा पर इजरायल पहुंचे. उन्होंने विश्वास जताया कि इजराइल में भारतीय यहूदी समुदाय आने वाले वर्षों में दोनों देशों को और करीब लाएगा.